सुल्तानपुर 17 मार्च 26*गोमती पुल निर्माण में मुआवजा घोटाले का आरोप, अदालत ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट
सुलतानपुर। गोमती नदी पर निर्माणाधीन पुल परियोजना में राजस्व अभिलेखों में हेरफेर और मुआवजे के नाम पर लाखों रुपये के कथित घोटाले का मामला सामने आया है। इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय ने प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के मुख्य अधीक्षण अभियंता से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
मामले में शिकायतकर्ता का आरोप है कि विकास खंड करौदीकला के अमिलिया गांव में पुल निर्माण के लिए शासनादेश के विपरीत अधिक भूमि का अधिग्रहण किया गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि किसानों के साथ मिलीभगत कर मानक से अधिक मुआवजा भुगतान किया गया, जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ।
शिकायत के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2015 से 2018 के बीच लोक निर्माण विभाग ने भगवंती की 0.017 हेक्टेयर भूमि के स्थान पर 0.050 हेक्टेयर तथा सुशीला की 0.034 हेक्टेयर भूमि के स्थान पर 0.050 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण बिना शासकीय अनुमति के दर्ज किया। इस कथित हेरफेर के चलते लाखों रुपये के मुआवजे में गड़बड़ी की बात सामने आई है।
शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि जिन किसानों की भूमि अधिग्रहित की गई, उनके साथ साजिश कर राजस्व अभिलेखों में बदलाव किए गए और राज्य को आर्थिक क्षति पहुंचाई गई। मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक सहित अन्य उच्च अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने न्यायालय की शरण लेते हुए प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर जांच की मांग की। न्यायालय द्वारा संबंधित थाने से आख्या मांगी गई, जिसमें स्पष्ट हुआ कि इस मामले में स्थानीय स्तर पर कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं है।
सोमवार को हुई सुनवाई में न्यायालय ने थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि वह प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, सुलतानपुर के मुख्य अधीक्षण अभियंता से घटना से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त कर न्यायालय में प्रस्तुत करें। वहीं, शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य अधीक्षण अभियंता मौके से अनुपस्थित हैं, जिससे जांच प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

More Stories
जींद हरियाणा 19 मार्च 26*भाकियू द्वारा जनसंपर्क अभियान तेज 31 मार्च को होगी जींद में किसान व मजदूरों की बड़ी रैली।
नई दिल्ली 19 मार्च 26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर शाम की देश राज्यों से बड़ी खबरें*
लखनऊ 19 मार्च 26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर शाम 4 बजे की बड़ी खबरें……………….*