वाराणसी23जुलाई26➡️ *151 फीट ऊंचा बनेगा काशी का श्रीजगन्नाथ मंदिर*
*41 महीनों में बदलेगी जगन्नाथ धाम की तस्वीर, पहले चरण में 30 करोड़ रुपये होंगे खर्च*
वाराणसी।
काशी के प्राचीन श्रीजगन्नाथ धाम को भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। मंदिर परिसर में प्रस्तावित श्रीजगन्नाथ कॉरिडोर एवं मंदिर के पुनर्विकास की योजना के तहत 151 फीट ऊंचे भव्य मंदिर का निर्माण नागर शैली में किया जाएगा। लगभग 140 फीट लंबे इस मंदिर का निर्माण कार्य 41 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
बुधवार को मुख्य अभियंता रजनीकांत उपाध्याय के नेतृत्व में इंजीनियरों एवं आर्किटेक्ट्स की टीम ने मंदिर परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। टीम ने निर्माण कार्य के लिए स्थल का सर्वेक्षण कर ब्लूप्रिंट के अनुसार आवश्यक बिंदुओं का चिन्हांकन किया। निरीक्षण के दौरान मंदिर की मूल संरचना को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं के विकास की योजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
परियोजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं के लिए ध्यान एवं पारायण केंद्र, वैदिक अध्ययन हेतु गुरुकुल, विशाल धर्मशाला, भोजनशाला, हेल्थ सेंटर, प्रशासनिक भवन, पुजारियों के आवास, निःशुल्क महाप्रसाद केंद्र, विश्राम गृह, वाहन पार्किंग, सीसीटीवी सुरक्षा व्यवस्था तथा प्रसाद एवं पूजन सामग्री की दुकानों सहित अनेक आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
मुख्य अभियंता रजनीकांत उपाध्याय,
आर्किटेक्ट अमित कुमार गुप्त, आर्किटेक्ट जयेश तिवारी, ग्राफिक्स डिज़ाइनर संजेश मिश्र, अभिषेक पाण्डेय एवं मान सिंह पटेल तथा मार्केटिंग विशेषज्ञों की टीम निर्माण योजना को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।
श्रीजगन्नाथ जी मंदिर ट्रस्ट के सचिव शैलेश त्रिपाठी ने बताया कि मंदिर का पुनर्विकास प्राचीन भारतीय नागर स्थापत्य शैली के अनुरूप किया जाएगा। निर्माण कार्य में पारंपरिक वास्तुकला और आधुनिक सुविधाओं का संतुलित समावेश होगा, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर धार्मिक एवं सांस्कृतिक अनुभव प्राप्त हो सके।
उन्होंने बताया कि परियोजना के पहले चरण में लगभग 30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए शासन स्तर पर आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। मंदिर के पुनर्विकास से काशी के धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और श्रीजगन्नाथ धाम देश के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्रों में शामिल होगा।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना न केवल मंदिर की भव्यता को नया आयाम देगी, बल्कि काशी की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विरासत को भी सुदृढ़ करेगी।

More Stories
कानपुर नगर23जुलाई26*अब अस्पतालों में धड़कनों की नहीं, जेबों की कीमत होती है,जिसके पास दौलत हो, उसी की किस्मत होती है।*
नई दिल्ली23जुलाई26*इंदौर की सोनम रघुवंशी को फिर जाना होगा जेल, सुप्रीम कोर्ट ने रद्द की जमानत*
चित्रकूट23जुलाई26*जंगल में प्रेमी के हाथ-पैर बांधकर छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार*