June 5, 2026

UPAAJTAK

TEZ KHABAR, AAP KI KHABAR

प्रयागराज ४ जून  २०२६ * प्रयागराज हत्याकांड: 12 घंटे तक लाशों के बीच रहा आरोपी सनी, 150 CCTV कैमरों ने खोला चार हत्याओं का राज

लखनऊ4जून26*टीजीटी परीक्षा का दूसरा दिन भी शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न : डॉ. प्रशांत कुमार

पत्र सूचना शाखा
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश

लखनऊ4जून26*टीजीटी परीक्षा का दूसरा दिन भी शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न : डॉ. प्रशांत कुमार

लखनऊ*36 जनपदों के 504 एवं 471 परीक्षा केन्द्रों पर सात विषयों की परीक्षा आयोजित

दो दिनों में 4.34 लाख से अधिक अभ्यर्थी हुए परीक्षा में शामिल

लखनऊ, 04 जून 2026।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या 01/2022 के अंतर्गत प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) संवर्ग के 15 विषयों की लिखित परीक्षा का दूसरा दिन गुरुवार को प्रदेशभर में शांतिपूर्ण, पारदर्शी, नकलविहीन एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुआ। परीक्षा के दौरान आयोग के मुख्यालय में स्थापित एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से सभी परीक्षा केन्द्रों की सतत निगरानी की गई।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रथम पाली में प्रदेश के 504 परीक्षा केन्द्रों पर अंग्रेजी, गृह विज्ञान, जीव विज्ञान एवं संगीत वादन विषयों की परीक्षा आयोजित की गई, जबकि द्वितीय पाली में 471 परीक्षा केन्द्रों पर संस्कृत, वाणिज्य एवं कला विषय की परीक्षा सम्पन्न हुई। परीक्षा प्रदेश के 36 जनपदों में निर्धारित केन्द्रों पर आयोजित की गई।

आयोग के सदस्यगण, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में एआई आधारित कैमरों और अत्याधुनिक निगरानी तंत्र के माध्यम से सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर निरंतर नजर रखी गई। सघन निगरानी एवं सत्यापन के दौरान वाराणसी जनपद में एक फर्जी परीक्षार्थी दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। उसे तत्काल स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया तथा उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

03 जून 2026 को आयोजित परीक्षा में कुल 2,21,489 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे, जबकि 04 जून 2026 को आयोजित परीक्षा में 2,12,975 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस प्रकार दोनों दिनों में कुल 4,34,464 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जो कुल पंजीकृत अभ्यर्थियों का 50.02 प्रतिशत है।

03 जून की परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 45.41 प्रतिशत तथा पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति 52.42 प्रतिशत रही, जबकि 04 जून की परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 49.16 प्रतिशत और पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति 52.17 प्रतिशत दर्ज की गई।

डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि आयोग द्वारा परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू किया गया है। एआई आधारित मॉनिटरिंग, बायोमेट्रिक सत्यापन एवं बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के कारण परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष एवं विश्वसनीय रही। उन्होंने परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, केन्द्र व्यवस्थापकों एवं आयोग के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने परीक्षा में सम्मिलित सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आयोग पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण चयन प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध है।

संपर्क सूत्र : धर्मवीर खरे 8737008603