July 28, 2026

UPAAJTAK

TEZ KHABAR, AAP KI KHABAR

रीवा27जुलाई26*नियम तोड़ती रीवा पुलिस: ट्रिपलिंग कर बाइक पर ले गए आरोपी, वायरल वीडियो पर उठे सवाल*

रीवा27जुलाई26*नियम तोड़ती रीवा पुलिस: ट्रिपलिंग कर बाइक पर ले गए आरोपी, वायरल वीडियो पर उठे सवाल*

रीवा27जुलाई26*नियम तोड़ती रीवा पुलिस: ट्रिपलिंग कर बाइक पर ले गए आरोपी, वायरल वीडियो पर उठे सवाल*

*आम लोगों पर चालान और खुद ट्रिपलिंग। अधिवक्ताओं ने मांगी बराबर कार्रवाई*

रीवा। ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर आम जनता पर कड़ी कार्रवाई करने वाली रीवा पुलिस खुद कटघरे में है। बिछिया इलाके से सामने आए एक वीडियो में पुलिसकर्मी एक आरोपी को बाइक पर बीच में बैठाकर ले जाते दिखे। बाइक पर कुल तीन लोग सवार थे। यही ‘ट्रिपलिंग’ का मामला है जिस पर पुलिस रोज सैकड़ों लोगों के चालान काट रही है।

*मामला क्या था*
14 जुलाई को बिछिया थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के लापता होने की शिकायत मिली थी। परिजनों के बयान पर पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज किया और जांच शुरू की। जांच में खाटी, थाना मनगवां निवासी नितिन पटेल का नाम सामने आया। उसे दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। लेकिन गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पुलिस जीप या वैन से ले जाने के बजाय बाइक से ले जाया गया। बीच में आरोपी और दोनों तरफ पुलिसकर्मी। इसी दौरान किसी ने वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है।

*विशेषज्ञ बोले – कार्रवाई तय हो*
वीडियो सामने आते ही सवाल उठने लगे। वरिष्ठ अधिवक्ता बीके माला का कहना है कि फुटेज में बाइक का नंबर साफ नजर आ रहा है। ऐसे में यातायात विभाग को तुरंत ई-चालान जारी करना चाहिए। उनका तर्क है, “जब सामान्य नागरिकों पर नियम तोड़ने पर तुरंत जुर्माना लगता है तो वर्दी वालों पर भी वही नियम लागू हो। कानून के सामने सब बराबर हैं।”

*गाड़ियां होते हुए भी बाइक क्यों?*
सबसे बड़ा सवाल संसाधनों को लेकर है। विभाग के पास वाहनों की कमी नहीं है। बीते साल रीवा पुलिस को 34 नई डायल-112 वाहन मिले थे। हर थाने में कार, वैन और इमरजेंसी के लिए विशेष वाहन भी तैनात हैं। बावजूद इसके एक गंभीर मामले के आरोपी को बाइक पर शिफ्ट करना सुरक्षा और प्रोसीजर दोनों पर सवाल खड़े करता है।

*थाना प्रभारी का बयान*
बिछिया थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा ने कहा कि ट्रिपलिंग नियम विरुद्ध है। “मैं पूरे मामले की जांच करवाऊंगी कि ऐसा क्यों हुआ।”
यातायात प्रभारी अनीमा शर्मा ने भी कहा कि वीडियो संज्ञान में आया है। जांच में नियम उल्लंघन साबित होने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।

*दोहरे मापदंड पर उठे सवाल*
रीवा यातायात पुलिस सख्ती के लिए जानी जाती है। बीते साल 15 दिन के विशेष अभियान में 3300 से ज्यादा चालान कर 16 लाख से ऊपर का जुर्माना वसूला गया। इसी महीने ‘ऑपरेशन हेलमेट’ में 10 दिन में 2589 लोगों पर कार्रवाई कर 7.76 लाख का चालान काटा गया। ऐसे आंकड़ों के बीच जब पुलिस खुद नियम तोड़ती दिखे तो जनता के मन में सवाल उठना स्वाभाविक है।

Taza Khabar