मुजफ्फरनगर17अक्टूबर 2026*लिखित आश्वासन के बाद काम पर लौटे एनएचएम संविदा कर्मी,
लोकेन्द्र गौतम ब्यूरो चीफ सहारनपुर मंडल यूपीआजतक
वेतन नीति, ग्रेच्युटी, ईपीएफ और 10 लाख रुपये के कैशलेस बीमा समेत कई मांगों पर बनी सहमति, मीडिया का जताया आभार
मुजफ्फरनगर *राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले विभिन्न मांगों को लेकर पिछले आठ दिनों से चल रहा आंदोलन लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हो गया है। प्रदेश स्तर पर मिशन निदेशक के साथ हुई वार्ता में कई महत्वपूर्ण मांगों पर सकारात्मक सहमति बनने के बाद जनपद मुजफ्फरनगर सहित प्रदेशभर के एनएचएम संविदा कर्मचारी 17 अक्टूबर से अपने कार्य पर लौट आए हैं।
जिला अध्यक्ष डॉ. सचिन जैन ने मीडिया का जताया आभार,,,,
आंदोलन की समाप्ति पर एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष डॉ. सचिन जैन ने जनपद की समस्त मीडिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान मीडिया के साथियों ने निष्पक्षता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ संविदा कर्मचारियों की समस्याओं को अधिकारियों एवं आमजन तक पहुंचाया। मीडिया ने कर्मचारियों की आवाज को मजबूती प्रदान करते हुए उनकी वास्तविक समस्याओं को समाज के सामने रखा।
डॉ. जैन ने कहा कि मीडिया की सकारात्मक भूमिका ने कर्मचारियों की मांगों को प्रमुखता से उठाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर की मीडिया ने सच्चाई और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई, जिसके लिए समस्त एनएचएम संविदा कर्मचारी आभारी रहेंगे।
कई दौर की वार्ता के बाद बनी सहमति
डॉ. राहुल वर्मा ने वार्ता में बनी सहमतियों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश प्रतिनिधिमंडल और मिशन निदेशक के बीच कई दौर की बातचीत के बाद सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। कर्मचारियों की आर्थिक, सामाजिक सुरक्षा और सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान की दिशा में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी है।
प्रमुख मांगों पर बनी सहमति
1. वेतन नीति का निर्धारण: सभी संविदा कर्मचारियों के लिए न्यूनतम वेतनमान निर्धारित करने और वरिष्ठता के आधार पर वेतन वृद्धि की व्यवस्था पर सहमति बनी है। इस संबंध में शासन की ओर से 45 दिन का समय मांगा गया है। वेतन वृद्धि के लिए राज्य सरकार के बजट से व्यवस्था किए जाने पर भी सहमति बनी है।
2. ग्रेच्युटी एवं ईपीएफ: संविदा कर्मचारियों को ग्रेच्युटी और कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) का लाभ उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार के बजट से व्यवस्था किए जाने पर सहमति बनी है।
3. अवकाश संबंधी सुविधाएं: महिला कर्मचारियों के लिए चाइल्ड केयर लीव (CCL) तथा सभी कर्मचारियों के लिए 15 दिन की विशेष छुट्टी की सुविधा पर सहमति बनी है। इस संबंध में शासनादेश जारी होने की उम्मीद है।
4. कैशलेस स्वास्थ्य बीमा: एनएचएम संविदा कर्मचारियों और उनके परिजनों को 10 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा उपलब्ध कराने पर सहमति बनी है।
5. नियमित नियुक्तियों में वरीयता: नियमित पदों पर होने वाली नियुक्तियों में एनएचएम संविदा कर्मचारियों को वरीयता देने के संबंध में शासनादेश शीघ्र जारी किए जाने पर सहमति बनी है।
6. लॉयल्टी बोनस: सात, दस और पंद्रह वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों के लिए लॉयल्टी बोनस की मांग केंद्र सरकार को भेजने पर सहमति बनी है।
7. एनटीईपी कर्मचारियों का मोबिलिटी भत्ता: राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के अंतर्गत मिलने वाले 2,000 रुपये के मोबिलिटी भत्ते को वेतन में सम्मिलित करने के संबंध में शासनादेश जल्द जारी किए जाने पर सहमति बनी है।
8. आवास सुविधा: महंगाई भत्ता (DA) और मकान किराया भत्ता (HRA) की मांगों पर सहमति नहीं बन सकी। हालांकि, उपलब्धता के अनुसार संविदा कर्मचारियों को आवास आवंटित करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
9. अनुशासनात्मक कार्रवाई से राहत: आंदोलन के आठ दिनों के दौरान धरने में शामिल किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध आंदोलन में भाग लेने के कारण अनुशासनात्मक अथवा उत्पीड़नात्मक कार्रवाई नहीं किए जाने पर सहमति बनी है।
सीएमओ से मुलाकात कर जताया आभार, मिठाई बांटकर मनाई खुशी,,,
आंदोलन समाप्त होने के बाद जनपद के एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुजफ्फरनगर से मुलाकात की और आंदोलन के दौरान मिले सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कर्मचारियों ने सीएमओ को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
आठ दिनों तक चले आंदोलन के बाद काम पर लौटे कर्मचारियों को उम्मीद है कि वार्ता में बनी सहमतियों के अनुरूप शासन स्तर से जल्द आवश्यक आदेश जारी होंगे और उनकी लंबित समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकेगा।
More Stories
मुजफ्फरनगर: 17 अक्टूबर 26 ग्राम भंडूरा में राष्ट्रीय हिंदू युवा वाहिनी की जनसंपर्क सभा, आदित्य प्रहलाद पाहुजा ने उठाया प्रदूषण का मुद्दा
नई दिल्ली 17 अक्टूबर 26*प्रियागोल्ड बिस्किट पर मुक़दमा चलेगा….*
सहारनपुर 17 अक्टूबर 26*जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा विशेष अभियान के तहत एसएएम इण्टर कॉलेज एवं जेवी जैन डिग्री कॉलेज में किया गया विभिन्न बूथों का निरीक्षण….*