भागलपुर बिहार से शैलेन्द्र कुमार गुप्ता
भागलपुर23अगस्त26*श्रावणी मेला 2026 : धांधी बेलारी महा शिविर में शिव भक्ति के रंग में रंगे श्रद्धालु,
नमामि गंगे घाट पर विपिन सचदेवा की सुरीली आवाज ने बांधा समां*
दिनांक : 23 अगस्त 2026
स्थान : भागलपुर
श्रावणी मेला 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन, भागलपुर द्वारा पर्यटन विभाग एवं कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में धांधी बेलारी महा शिविर के सांस्कृतिक मंच पर पूरे सावन माह भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। 28 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक चल रहे इस सांस्कृतिक आयोजन में बिहार सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकार गायन, वादन, नृत्य एवं नृत्य-नाटिका के माध्यम से श्रद्धालुओं का मनोरंजन करने के साथ उन्हें आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक अनुभव प्रदान कर रहे हैं।
इसी क्रम में आज, 23 अगस्त को धांधी बेलारी महा शिविर के सांस्कृतिक मंच पर शिव भक्ति से ओत-प्रोत भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। भगवान शिव को समर्पित गीतों की मधुर धुनों और कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों से पूरा महा शिविर परिसर भक्तिमय हो उठा। उपस्थित कांवरिया एवं श्रद्धालु भजनों पर झूमते, तालियां बजाते और “बोल बम” के जयघोष करते नजर आए।
आज के कार्यक्रम में धांधी बेलारी के मंच पर अमित कुमार पासवान, जागृति कला मंच, प्रहलाद पासवान, जगदीशपुर, सुरेंद्र प्रसाद, पटना एवं विजय कुमार सिंह, पटना ने शिव भक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन उद्घोषक मनोज कुमार मिश्रा ने किया। वाद्य संगत में पैड पर गौरव कुमार शाह, भागलपुर, ढोलक पर सौरभ कुमार, भागलपुर, तबला पर सरवन कुमार दास, भागलपुर, ऑर्गन पर प्रकाश दास, भागलपुर तथा बैंजो पर जयप्रकाश सिंह, बांका ने अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सुर, ताल एवं लय के सुंदर समन्वय ने कार्यक्रम की प्रस्तुति को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।
कार्यक्रम में “शिव शिव शंभू” तथा “गंगा तेरा पानी अमृत” जैसे लोकप्रिय शिव भक्ति गीतों ने विशेष उत्साह पैदा किया। इन प्रस्तुतियों के दौरान कांवरिया एवं श्रद्धालु शिव भक्ति में पूरी तरह लीन दिखाई दिए। स्थानीय कलाकारों ने भी भगवान शिव को समर्पित प्रार्थना रूपी भजनों के माध्यम से समाज एवं जनकल्याण की मंगलकामना की। आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र के कलाकारों ने भी अपनी अद्भुत प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया।
वहीं, नमामि गंगे घाट पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 90 के दशक के सुविख्यात बॉलीवुड पार्श्व गायक विपिन सचदेवा रहे। अपनी सुमधुर और प्रभावशाली आवाज के लिए पहचाने जाने वाले विपिन सचदेवा ने भगवान शिव को समर्पित भक्ति गीतों की प्रस्तुति से घाट परिसर को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। उनकी आवाज में भक्ति, भाव और संगीत का सुंदर समन्वय देखने को मिला। जैसे ही उन्होंने अपनी लोकप्रिय शैली में शिव भक्ति गीतों की प्रस्तुति शुरू की, श्रद्धालुओं एवं दर्शकों की भीड़ कार्यक्रम स्थल पर लगातार बढ़ती गई। सैकड़ों लोग उनकी प्रस्तुति सुनने और देखने के लिए कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे। उनकी प्रस्तुति ने श्रावणी मेला की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक रंगत को और अधिक जीवंत बना दिया।
जिला प्रशासन, भागलपुर द्वारा आयोजित श्रावणी मेला 2026 का यह सांस्कृतिक आयोजन धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति एवं कला का सुंदर संगम प्रस्तुत कर रहा है। धांधी बेलारी महा शिविर एवं नमामि गंगे घाट के सांस्कृतिक मंचों पर आयोजित कार्यक्रम श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद प्रदान करने के साथ बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से भी परिचित करा रहे हैं। श्रावणी मेला के समापन तक विभिन्न कलाकारों की सांस्कृतिक एवं भक्तिमय प्रस्तुतियों का यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा।

More Stories
रायबरेली23अगस्त26*रायबरेली को 879 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे मुख्यमंत्री*
पूर्णिया23अगस्त26*कसबा में पहली बार महिला आयोग का ऐतिहासिक जनता दरबार
लखनऊ23अगस्त2026*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर शाम 7 बजे की बड़ी खबरें……………….*