February 16, 2026

UPAAJTAK

TEZ KHABAR, AAP KI KHABAR

लखनऊ २९ नवंबर २०२५ * यूपीआजतक न्यूज़ चैनल पर उत्तरप्रदेश की कुछ महत्त्वपूर्ण खबरे 

बाँदा28/11/25*मछली पालन के पट्टे के विवाद में ग्रामीण की गुमशुदगी, पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप,

बाँदा28/11/25*मछली पालन के पट्टे के विवाद में ग्रामीण की गुमशुदगी, पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस पर लापरवाही का इल्ज़ाम

 

बांदा –जिला बाँदा के थाना जसपुरा क्षेत्र के ग्राम रामपुर में एक 45 वर्षीय व्यक्ति महेन्द्र उर्फ राजू पुत्र स्व0 बुद्धिलाल 25 नवंबर 2025 से लापता हैं। लापता व्यक्ति की पत्नी नीलम देवी ने पुलिस अधीक्षक बाँदा को दिए आवेदन में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके पति की हत्या कर शव गायब कर दिया गया है और हत्यारे कोई और नहीं, बल्कि उनके अपने साझेदार हैं।
आवेदन के अनुसार, महेन्द्र उर्फ राजू ने गाँव की बस्ती में स्थित रामजानकी मंदिर के पास बड़े तालाब का मछली पालन का सामुदायिक पट्टा कराया था। तालाब में अच्छी मात्रा में मछली पल रही थी। देखभाल और मछली निकालने-बेचने का काम महेन्द्र अपने दो साझेदारों अच्छन पुत्र सुब्बी और उसके भाई रईस बाबू के साथ मिलकर करते थे।
25 नवंबर 2025 को सुबह 11 बजे से तीनों लोग तालाब पर मछली का शिकार कर रहे थे। शाम 6-7 बजे तक महेन्द्र का अपनी पत्नी नीलम और बेटे वीरेश से फोन पर बातचीत हुई थी, लेकिन उसके बाद अचानक उनका मोबाइल बंद हो गया। रात में कई बार कॉल करने पर भी फोन नहीं लगा। नीलम को लगा कि पति साझेदारों के साथ तालाब पर ही रुक गए होंगे, जैसा अक्सर होता था।
लेकिन जब 26 नवंबर को भी महेन्द्र घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दिन थाना जसपुरा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिसका जीडी नंबर 19/2025 है। तीन दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और न ही लापता व्यक्ति का कोई सुराग लगा है।
पत्नी नीलम देवी ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में साफ-साफ शक जाहिर किया है कि मछली बेचकर आए रुपयों के लेन-देन के विवाद में उनके पति के साझेदार अच्छन और रईस बाबू ने ही उनकी हत्या कर शव को ठिकाने लगा दिया है। उन्होंने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जाँच किसी वरिष्ठ अधिकारी से कराई जाए और दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
इलाके में इस घटना से दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब काफी बड़ा और गहरा है, आशंका है कि शव उसी में फेंका गया हो। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंची है और तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
थाना प्रभारी जसपुरा का कहना है कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है और मामले की जाँच की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

यूपी आज तक बांदा ब्यूरो सुनैना निषाद की रिपोर्ट

Taza Khabar