प्रयागराज2नवम्बर24*3 सगी बहनें डूबीं, 2 के शव मिले,छोटी बहन को मल्लाहों ने बचाया, पूजा से पहले गंगा स्नान को पहुंची थी बहनें*
प्रयागराज में दिवाली पर एक परिवार में मातम पसर गया। दिवाली की शाम तीन सगी बहने हंडिया के बढौली गांव में गंगा घाट पर स्नान करने पहुंच गईं। देशराज पांडेय की बेटियां शुभी पांडेय (16), नित्या (10) और रितिका पांडेय (9) गंगा में स्नान करते समय डूब गईं। नहाते वक्त शुभी और नित्या गहरे पानी में समा गईं जिससे दोनों की मौत हो गई जबकि तीसरी बहन रितिका को मल्लाहों ने बचा लिया।
हादसा गुरुवार शाम को हुआ। पूरी रात शव की तलाश चली। देर रात शुभी और नित्या के शव बरामद हो गए। दो सगी बहनों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। डूबने से बचाई गई तीसरी बहन रितिका को अस्पताल में भर्ती किया गया है। हादसे से पूरे गांव में मातम है।
गंगापार के हंडिया थाना क्षेत्र के बढौली गांव के रहने वाले देशराज पांडेय की पांच बेटियां हैं। गुरुवार रात दिवाली की पूजा की तैयारी चल रही थी। इसी बीच तीन बहनों ने गंगा स्नान कर पूजा में बैठने की सोची। तीनों घर से निकल घाट पर पहुंच गईं। नहाते नहाते दस साल की नित्या डूबने लगी। उसने शोर मचाया तो बड़ी बहन शुभी उसे बचाने आगे बढ़ी। इसी बीच रितिका भी डूबने लगी। तीन बहनों के डूबने से घाट पर हंगामा मच गया। शोर सुनकर मल्लाह पानी में कूद पड़े। मशक्कत के बाद रितिका को गंगा से निकाला गया। जबकि शुभी और नित्या का पता नहीं चला। खबर पाकर बड़ी संख्या में गांव के लोग पहुंच गए। मल्लाह और गोताखोर बुलाए गए। देर रात शुभी और नित्या के शव भी बरामद हो गए। शुक्रवार को आसपास के गांव के लोगों को जानकारी हुई तो वह देशराज पांडेय के घर पहुंच गए। परिवार में कोहराम मचा है। गांव में भी मातम छाया है।

More Stories
मुगलसराय13जुलाई26*काली माता ध्वस्तीकरण के दौरान श्रमिक स्वर्गीय बलदेव यादव जी का असमय निधन हृदय को झकझोर देने वाला
लखनऊ13जुलाई26*लखनऊ में शिवसेना का शंखनाद: सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने की संगठनात्मक बैठक,
नई दिल्ली13जुलाई26*दुनिया की छठी सबसे बड़ी वायुसेना बना भारत, चीन को पछाड़ा, टॉप पर US Air Force, देखें लिस्ट*