पूर्णिया बिहार 16 मई २०26* पूर्णिया में वट सावित्री व्रत की धूम, सुहागिनों ने मांगी पति की लंबी उम्र
मोहम्मद इरफान कामिल यूपीआजतक न्यूज़ चैनल पूर्णिया डिविजन बिहार से
आर एन शाह चौक पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सात फेरों से बंधा अटूट प्रेम का बंधन
पूर्णियां बिहार : सुहागिनों का महापर्व वट सावित्री पूजा आज पूर्णिया में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। आर एन शाह चौक स्थित प्राचीन वटवृक्ष के पास सुबह से ही महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लाल-पीली साड़ियों में सजी-धजी सुहागिनों ने वटवृक्ष की पूजा-अर्चना कर अपने पति की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य की कामना की।
इस मौके पर वटवृक्ष की सात बार परिक्रमा कर महिलाओं ने कच्चे धागे लपेटे और सावित्री-सत्यवान की कथा सुनी। कई महिलाओं ने बताया कि वे अपने पति की लंबी आयु के लिए तीन दिन का कठिन व्रत रखती हैं। निर्जला व्रत रखकर आज वट सावित्री के दिन विशेष पूजा की जाती है।
क्या है इस त्योहार का उद्देश्य?
वट सावित्री पूजा भारतीय संस्कृति में पति-पत्नी के अटूट प्रेम, समर्पण और विश्वास का प्रतीक है। इस व्रत की जड़ें पौराणिक कथा सावित्री और सत्यवान से जुड़ी हैं। मान्यता है कि सावित्री ने अपने दृढ़ संकल्प, प्रेम और तप के बल पर यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस ले लिए थे।
तभी से सुहागिन महिलाएं इस दिन वटवृक्ष की पूजा करती हैं। वटवृक्ष को लंबी आयु, स्थिरता और बरकत का प्रतीक माना जाता है। जैसे वटवृक्ष सैकड़ों साल तक हरा-भरा रहता है, वैसे ही महिलाएं अपने सुहाग की लंबी उम्र की कामना करती हैं। सात बार परिक्रमा कर वे सात जन्मों तक पति का साथ मांगती हैं।
श्रद्धा में डूबा पूर्णिया
आर एन शाह चौक पर पूजा कर रही एक महिला ने बताया, “यह सिर्फ पूजा नहीं, पति के प्रति प्रेम और सम्मान का उत्सव है। तीन दिन से व्रत पर हैं। आज वटवृक्ष की परिक्रमा कर हमने अपने सुहाग की रक्षा का वचन लिया है।”
पूरे शहर में मंदिरों और वटवृक्षों के पास मेले जैसा माहौल रहा। महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाया, चूड़ियां पहनाईं और अखंड सुहाग की शुभकामनाएं दीं।
वट सावित्री पूजा हमें सिखाती है कि सच्चा प्रेम, त्याग और निष्ठा से बड़ी कोई ताकत नहीं। यह त्योहार परिवार को जोड़ने और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को जीवित रखने का माध्यम है।

More Stories
मथुरा16मई26*जमीन विवाद को लेकर मारपीट, पीड़ित ने लगाया कब्जे और जानलेवा आरोप
लखनऊ 15 मई 26 *खाली चैंबर,ऊंघते मंत्री,विभाग मिलने के इंतजार में यूपी के नए मंत्री
पूर्णिया बिहार 16 मई 26 कालाजार उन्मूलन पर पटना में बड़ी बैठक, 23 जिलों ने पूरा किया डोसियर का काम