पंजाब 2 फरवरी 26 * श्रीगंगानगर रेलवे फाटक बंद होने से आमजन व विद्यार्थी परेशान
श्रीगंगानगर रेलवे फाटक बंद होने से आमजन व विद्यार्थी परेशान
सुबह स्कूल के टाईम फाटक बंद होने से स्कूल पहुंचने में होती है देरी, कब बनेगा पुल?
अबोहर, 02 फरवरी (सोनू/शर्मा): श्रीगंगानगर मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक का बार-बार और लंबे समय तक बंद रहना अब आम लोगों के साथ-साथ स्कूली विद्यार्थियों के लिए भी गंभीर समस्या बनता जा रहा है। विशेष रूप से सुबह स्कूल खुलने के समय फाटक बंद रहने के कारण सैकड़ों विद्यार्थी रोज़ाना स्कूल पहुँचने में देरी का शिकार हो रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई और अनुशासन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
सुबह के समय जब विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ या साइकिलों पर स्कूल के लिए निकलते हैं, उसी दौरान मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों की आवाजाही के कारण रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहता है। कई बार 15 से 30 मिनट तक फाटक नहीं खुलता, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इस जाम में स्कूली बसें, ऑटो, दोपहिया वाहन और पैदल चलने वाले बच्चे फंसे रहते हैं।
समाजसेवी राजू चराया, रजत लूथरा व ऑन डॉट कोरियर के संचालक संजय उर्फ राजू का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि वर्षों से चली आ रही है। कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज या अंडरब्रिज निर्माण की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बढ़ती आबादी और यातायात दबाव को देखते हुए अब इस स्थान पर पुल का निर्माण समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और समय की बचत को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि बच्चों को रोज़ाना इस परेशानी से निजात मिल सके। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या पर कब ध्यान देते हैं और कब विद्यार्थियों को राहत मिलती है।
फोटो:3, बंद फाटक के दौरान फंसे स्कूली बच्चे व स्कूली वाहन

More Stories
प्रयागराज ९ फ़रवरी २६* फिल्म निर्देशक सनोज मिश्र के साथ प्रयागराज प्रशाशन ने किया नया हंगामा….
रायगढ़ 9 फ़रवरी 26*7 – 8 फरवरी 2026 को रायपुर छत्तीसगढ़ में एआईयूटीयूसी कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कानपुर नगर 9 फ़रवरी 26*कानपुर पुलिस एवं C3iHub के मध्य साइबर अपराध विवेचना एवं फॉरेंसिक प्रशिक्षण हेतु MoU