गाजियाबाद29अप्रैल26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर गाजियाबाद की कुछ महत्वपूर्ण खबरें
[29/04, 07:30] Arun Chandra Bayana: *फैक्टरी की निर्माणाधीन दीवार गिरी, तीन वर्षीय बच्ची की मौत…..*
गाज़ियाबाद
लोनी। ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र की रामपार्क सुधीर एन्क्लेव कॉलोनी में सोमवार रात आंधी से कॉस्मेटिक फैक्टरी की निर्माणाधीन दीवार का एक हिस्सा गिर गया। हादसे में पड़ोसी के मकान की छत पर खेल रही तीन वर्षीय बच्ची साक्षी की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि पिता इंदलराम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मूलरूप से बिहार के सिरसा निवासी इंदलराम राजमिस्त्री हैं। वह पत्नी मुन्नी देवी, बेटे मनकूश और बेटी साक्षी (3) के साथ किराये के मकान में रहते हैं। सोमवार शाम इंदलराम काम से लौटे थे। घर में गैस सिलिंडर न होने के कारण मुन्नी देवी छत पर खाना बना रही थीं। उनके साथ बेटा मनकूश था। इंदलराम छत के दूसरी ओर बेटी साक्षी के साथ बैठे थे। पड़ोस में तीन मंजिला कॉस्मेटिक क्रीम फैक्टरी का निर्माण चल रहा है। शाम को आई आंधी से फैक्टरी की तीसरी मंजिल की निर्माणाधीन दीवार का हिस्सा टूटकर गिर गया। इसके मलबे में इंदलराम और साक्षी दब गए। मुन्नी देवी के शोर मचाने पर पड़ोसी पहुंचे और दोनों को निकालकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने साक्षी को मृत घोषित कर दिया।
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। घायल इंदलराम ने कहा कि बेटी के अंतिम संस्कार के बाद शिकायत देंगे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने फैक्टरी मालिक पर लगाया लापरवाही का आरोप : इंदलराम के भाई ने आरोप लगाया कि फैक्टरी मालिक ने निर्माण में लापरवाही बरती। कॉलम मानक के अनुसार नहीं भरे गए थे। उन्होंने जीडीए से जांच की मांग की कि फैक्टरी का नक्शा पास था या नहीं। परिजनों का कहना है कि फैक्टरी मालिक की लापरवाही से बच्ची की जान गई है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।
[29/04, 07:30] Arun Chandra Bayana: *500 की उधारी मांगने पर चचेरे भाई ने की थी गैंगस्टर की हत्या…..*
मसूरी/गाजियाबाद। मसूरी में मेरठ के गैंगस्टर गुलफाम की हत्या उधार दिए गए 500 रुपये वापस मांगने को लेकर हुए विवाद में हुई। शराब के नशे में चचेरे भाई ने चाकू से वार कर उसे मार डाला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से मेरठ के किठौर क्षेत्र में शाहजहांपुर में कुरेशियान मोहल्ला निवासी गुलफाम यहां मसूरी क्षेत्र में रेलवे स्टेशन रोड पर किराये के मकान में रहता था। सोमवार को वह भूड़गढ़ी इलाके में बंबे के पास सब्जी बेच रहा था। इसी दौरान उसका चचेरा भाई आरिफ वहां पहुंचा और खीरा मांगने लगा। गुलफाम ने खीरा देने से मना कर दिया और पहले 500 रुपये की उधारी चुकाने के लिए कहा। इससे गुस्साए आरिफ ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गुलफाम खून बहने के कारण मौके पर ही बेसुध हो गया। बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर भूड़गढ़ी बंबे के पास से उसे दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी और मृतक के बीच रिश्तेदारी भी थी। दोनों चचेरे भाई होने के साथ-साथ साढ़ू भी थे।
[29/04, 07:30] Arun Chandra Bayana: *गाली देने के विरोध पर घर में घुसकर युवक की पिटाई……*
गाज़ियाबाद
खोड़ा। गाली देने का विरोध करने पर खोड़ा थाना क्षेत्र की संगम पार्क कॉलोनी में एक युवक के साथ उसके घर में घुसकर मारपीट की गई। शोर मचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़ित वीरू ने पुलिस को बताया कि 25 अप्रैल को पड़ोसी बुल्ला शराब के नशे में उन्हें गाली दे रहा था। विरोध करने पर बुल्ला ने उनके साथ हाथापाई की। इसके बाद वीरू अपने घर लौट आया।
आरोप है कि कुछ देर बाद बुल्ला अपने दोस्त सौरभ और एक अन्य साथी के साथ वीरू के घर में जबरन घुस आया। तीनों ने मिलकर वीरू को बुरी तरह पीटा। इससे वह घायल हो गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। भीड़ बढ़ती देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई होगी।
[29/04, 07:30] Arun Chandra Bayana: *तीसरी मंजिल से गिरकर मासूम की मौत……*
गाज़ियाबाद
लोनी । कोतवाली क्षेत्र की प्रेम नगर कॉलोनी में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। मकान की तीसरी मंजिल के छज्जे से गिरकर दो साल के मासूम अबूजा की मौत हो गई। घटना के समय बच्चे की मां छत पर कपड़े धो रही थी। परिजनों ने इसे हादसा मानते हुए पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम से इन्कार कर दिया।
मूलरूप से हरदोई जिले के पिहानी गांव निवासी रिजवान परिवार के साथ लोनी की प्रेम नगर कॉलोनी में किन्ये के मकान में रहते हैं। वह दैनिक मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मंगलवार को वह रोज की तरह काम पर गए थे। घर पर पत्नी आसमां और बच्चे मौजूद थे।
दोपहर करीब डेढ़ बजे आसमां मकान की छत पर कपड़े धो रही थीं। इसी दौरान सबसे छोटा बेटा अबूजा खेलते-खेलते सीढ़ियों के रास्ते तीसरी मंजिल पर पहुंच गया। खेलने के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह छज्जे से सीधे नीचे सड़क पर जा गिरा। गिरने से अबूजा गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और रिजवान को फोन पर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही रिजवान काम छोड़कर घर पहुंचे और तुरंत बेटे को लेकर जीटीबी अस्पताल भागे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अबूजा को मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए ही आसपास के लोगों की मदद से शव को दफना दिया। बाद में जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि परिजनों की ओर से मामले की कोई सूचना नहीं दी गई थी। पुलिस के पहुंचने पर परिजनों ने लिखित में दिया कि यह हादसा है और वह कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने से भी इन्कार कर दिया।
[29/04, 07:30] Arun Chandra Bayana: *एमएमजी की इमरजेंसी में स्टाफ से मारपीट, इलाज बाधित……..*
गाजियाबाद। एमएमजी अस्पताल की इमरजेंसी में सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क दुर्घटना में घायल को लेकर आए कुछ युवकों ने स्टाफ के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी। आरोप है कि युवकों ने इलाज से जुड़े दस्तावेज भी फाड़ दिए और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। घटना के चलते करीब 45 मिनट तक इमरजेंसी में सेवाएं प्रभावित रहीं।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. राकेश सिंह ने घंटाघर कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि 27 अप्रैल की रात करीब 11 बजे कुछ लोग इमरजेंसी में पहुंचे। वहां मौजूद स्टाफ से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मेडिकल ट्रे उठाकर हमला किया गया।
इस दौरान अस्पताल में रखे जरूरी कागजात भी फाड़ दिए गए। सीएमएस के अनुसार हंगामे के बाद आरोपी जाते समय स्टाफ को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के बाद डॉक्टरों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। शिकायत में रितिक, पवन शर्मा, गौरव पांचाल, करन, तपिश गोयल और शिवम समेत अन्य को नामजद किया गया है। पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
[29/04, 07:30] Arun Chandra Bayana: *एंबुलेंस में सुरक्षित प्रसव, जच्चा-बच्चा स्वस्थ……*
गाजियाबाद। एंबुलेंस चालकों की सूझबूझ से महिला का सुरक्षित प्रसव एबुलेंस में कराया गया। इसके बाद दोनों को संजय नगर स्थित संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया। जच्चा-बच्चा को स्वस्थ्य बताया गया है।
मिशलगढ़ी गांव निवासी ज्ञानप्रकाश की पत्नी मीनू देवी को मंगलवार शाम करीब पांच बजे प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजन ने तुरंत 102 एंबुलेंस सेवा पर कॉल किया। सूचना पर एंबुलेंस पहुंची और ईएमटी इंद्रेश कुमार व चालक कैलाश यादव महिला को लेकर जिला अस्पताल संजय नगर के लिए रवाना हुए। रास्ते में मीनू देवी की प्रसव पीड़ा बढ़ने पर हालत बिगड़ने लगी। एंबुलेंस कर्मियों ने महिला की स्थिति को देखते हुए वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोककर सूझबूझ से प्रसव कराने का निर्णय लिया। ईआरसीपी डॉक्टर सुरेंद्र की सलाह लेते हुए टीम ने एंबुलेंस में ही सुरक्षित डिलीवरी कराई। इसके बाद धड़कन की जांच और नवजात शिशु की सफाई भी की गई। प्रसव के बाद मां और बच्चे को जिला अस्पताल संजय नगर में भर्ती कराया गया, जहां दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस कर्मियों की तत्परता और सेवा भावना की सराहना की।
[29/04, 07:30] Arun Chandra Bayana: *कार सवारों ने रास्ता रोक तीन भाइयों और भाभी को पीटा……*
गाजियाबाद। कविनगर क्षेत्र में स्कूटी सवार भाइयों और उनकी भाभी पर कार सवारों की ओर से हमला कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। घटना कविनगर थाना क्षेत्र के गोविंदपुरम इलाके में 24 अप्रैल रात 10 बजे हुई थी। गोविंदपुरम के विष्णु एन्क्लेव निवासी हिमांशु ने बताया कि अपने भाई लखन और रितिक व भाभी के साथ स्कूटी व बाइक से शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। गरिमा गार्डन पहुंचते ही बिना नंबर प्लेट की कार में सवार युवकों ने बाइक व स्कूटी के सामने कार लगाकर रास्ता रोक दिया। विरोध करने पर गाली गलौज करते हुए डंडे लेकर हमला कर दिया। आरोपियों ने बाइक और स्कूटी भी तोड़ दी। हमला करने से दोनों भाईयाें को चोटें आई हैं। शोर मचाने पर लोगों को आता देख कार सवार जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि कविनगर थाने में अज्ञात कार सवारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
[29/04, 07:30] Arun Chandra Bayana: *फीस वृद्धि में मनमानी का आरोप, डीएम से शिकायत……*
गाजियाबाद। हापुड़ रोड स्थित दयावती मोदी पब्लिक स्कूल के प्रबंधन पर अभिभावकों ने मनमानी फीस बढ़ोतरी का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की है।
डीआईओएस से भी कार्रवाई की मांग की गई है। डीएम ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मंगलवार को अभिभावकों का प्रतिनिधिमंडल कलक्टट्रेट स्थित डीएम कार्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल की अध्यक्षता कर रहे योगेंद्र बल्हारा ने डीएम को बताया कि विद्यालय प्रबंधन ने प्रत्येक कक्षा में मनमानी फीस वृद्धि की है। इससे अभिभावकों की जेब पर अतिरिक्त खर्च का बोझ बढ़ गया है।
इस पर डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए बैठक की जाएगी। जांच कराने के बाद विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद अभिभावकों ने डीआईओएस को भी ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
योगेंद्र बल्हारा ने कहा कि समस्या का समाधान शीघ्र न होने पर दो मई को तहसील समाधान दिवस पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर संगीता चौधरी, अनुराधा शर्मा, मोनिका त्यागी, विनीत अवस्थी, रानू शर्मा, कविता सिंह आदि मौजूद रहे।
इस संबंध में स्कूल के प्रशासनिक अधिकारी राजीव ने बताया कि फीस बढ़ोतरी तय शर्तों और नियमों के अंतर्गत की गई है। मनमाने तरीके से कोई फीस बढ़ोतरी नहीं की गई है।

More Stories
जालौन29अप्रैल26* यूपीआजतक न्यूज चैनल पर उरई से बड़ी खबरें इस वक्त:
पूर्णिया बिहार 29 अप्रैल26 बैंकों पर पुलिस का पहरा: SP के आदेश पर जिलेभर में चेकिंग*
लखनऊ29अप्रैल26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर सुबह 7 बजे की बड़ी खबरें……………….!!