कौशाम्बी 28 फ़रवरी 26*राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर मूरतगंज में विज्ञान मेले का आयोजन*
*बच्चों ने प्रस्तुत किए नवाचार से भरपूर मॉडल*
*हर्रायपुर कौशाम्बी* राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 28 फरवरी के अवसर पर प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के तत्वावधान में बाल विज्ञान खोजशाला आलमचन्द द्वारा ब्लॉक रिसोर्स सेंटर मूरतगंज में विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना और उन्हें प्रयोग व नवाचार के लिए प्रेरित करना था।विज्ञान मेले में मूरतगंज ब्लॉक के 13 उच्च प्राथमिक विद्यालयों के कुल 46 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न वैज्ञानिक अवधारणाओं पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए।बच्चों ने ऊर्जा इलेक्ट्रॉनिक्स,पौधों की संरचना ग्रीनहाउस प्रभाव,जलवायु परिवर्तन मानव शरीर,सौरमंडल आदि विषयों पर आकर्षक और ज्ञानवर्धक मॉडल बनाकर अपनी वैज्ञानिक समझ और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।मॉडल प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय बरीपुर के अभिषेक कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अभिषेक ने कृषि से संबंधित एक नवीन प्रणाली का मॉडल प्रस्तुत किया,जो दैनिक जीवन में किसानों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है।द्वितीय स्थान उच्च प्राथमिक विद्यालय लोकीपुर की शोभा तथा तृतीय स्थान उच्च प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर बदले की मुस्कान को प्राप्त हुआ। विजेता बच्चों को क्रमशःटेबल फैन,टेबल लैंप तथा टिफिन व बोतल देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मेले में प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों को भी प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हिना सिद्दीकी ने बच्चों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में जिज्ञासा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इस कार्यक्रम के निर्णायक में माहेश्वरी प्रसाद इंटर कॉलेज के विज्ञान शिक्षक दुर्गेश और विपुल प्रताप उपस्थित रहे, जिन्होंने सभी मॉडलों का अवलोकन कर उनका मूल्यांकन किया। इस मेले को लगभग 400 बच्चों,50 अभिभावकों तथा 25 शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी देखा और बच्चों के प्रयासों की सराहना की।कार्यक्रम के सफल आयोजन में आलोक द्विवेदी का विशेष योगदान रहा। साथ ही सभी सहयोगी शिक्षक-शिक्षिकाओं का भी आभार व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग के बिना यह कार्यक्रम संभव नहीं हो पाता। इस आयोजन को सफल बनाने में विज्ञान टीम से केंद्र प्रमुख राज विश्वकर्मा,विमलेश त्रिपाठी,जितेंद्र कुमार यादव तथा राजेंद्र यादव सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय उपस्थिति और सहयोग रहा।इस प्रकार विज्ञान मेले के माध्यम से बच्चों में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने और विज्ञान को व्यवहारिक जीवन से जोड़ने का एक सार्थक प्रयास किया गया।

More Stories
लखनऊ11अगस्त26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर रात 10 बजे की बड़ी खबरें……………….*
पूर्णिया बिहार 11 अगस्त 26 *हर घर तिरंगा अभियान में एसबीआई पेंशनर्स ने लहराई देशभक्ति की अलख*
पूर्णिया बिहार 11 अगस्त26 राहुल के सवालों ने सत्ता को सड़क पर उतारा! इंतखाब आलम का बड़ा बयान*