February 23, 2026

UPAAJTAK

TEZ KHABAR, AAP KI KHABAR

कानपुर नगर03अक्टूबर2023‘विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान’ का तीसरा चरण शुरू

कानपुर नगर03अक्टूबर2023‘विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान’ का तीसरा चरण शुरू

कानपुर नगर03अक्टूबर2023‘विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान’ का तीसरा चरण शुरू

माननीय सांसद ने अधिकारियों संग संचारी रोगों की रोकथाम व नियंत्रण के लिए ली शपथ

ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के लिये हरी झण्डी दिखाकर फागिंग मशीनों को किया रवाना

31 अक्टूबर तक 10 विभागों के आपसी समन्वय से सफल होगा अभियान

कानपुर, 03 अक्टूबर 2023 –

संचारी व मच्छर जनित रोगों की रोकथाम व नियंत्रण के लिए माननीय सांसद सत्यदेव पचौरी ने मंगलवार को मां कांशीराम जिला संयुक्त चिकित्सालय एवं ट्रॉमा सेंटर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने संयुक्त निदेशक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) एवं स्वास्थ्य समेत सभी 10 विभागों के मुख्य अधिकारियों चिकित्सकों के संग संचारी रोगों के नियंत्रण व रोकथाम के लिए शपथ ली। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के लिये 19 बड़ी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिये 72 छोटी फॉगिंग मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

उन्होंने कहा कि संचारी व मच्छर जनित रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, फाइलेरिया, कालाजार आदि बीमारियों की रोकथाम व नियंत्रण के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। इन्हीं बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत की गई है।

संयुक्त निदेशक डॉ जीके माहेश्वरी ने बताया की यह अभियान 31 अक्टूबर तक चलेगा। इसी बीच 16 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग, नगर निमग, पंचायती राज विभाग समेत 10 विभागों की टीम तैनात की गईं हैं जो घर-घर जाकर बीमारियों की रोकथाम और समुदाय को जागरूक करेंगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ आलोक रंजन ने कहा की जन समुदाय का भी दायित्व है कि अभियान में सहयोग करे, सतर्क और जागरूक रहें। उन्होंने अपील की कि डेंगू का मच्छर दिन में ही काटता है तथा इससे बचाव के लिए पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। मच्छर रोधी क्रीम का इस्तेमाल करें। सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (आरसीएच) डॉ आरवी सिंह ने कहा कि जनपद प्रशासन व विभिन्न विभागों के साथ ही जन प्रतिनिधि भी इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करेंगे। इन बीमारियों की रोकथाम के लिए एंटी लार्वा छिड़काव, फोगिंग, स्वच्छता, साफ-सफाई आदि का कार्य किया जाएगा। जांच व उपचार के साथ आवश्यक दवा भी प्रदान की जाएगी। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, नोडल विभाग रहेगा। नगर निगम, पंचायती राज, पशुपालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, दिव्यांग जन कल्याण विभाग, कृषि एवं सिंचाई विभाग सहित 10 विभाग आपसी समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाएंगे।

संचारी रोगों के नोडल व एसीएमओ डॉ आरपी मिश्रा ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का बेहद महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, कालाजार आदि रोगों को विशेष अभियान चलाकर काबू कर लिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के आपसी समन्वय से नगर पालिका व नगर पंचायत की टीमें शहरी क्षेत्र तथा पंचायती राज विभाग की टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में बीमारियों की रोकथाम व नियंत्रण कार्य के साथ ही समुदाय को जागरूक करेंगी। जिला मलेरिया अधिकारी एके सिंहने कहा कि अभियान में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसमें जन प्रतिनिधियों, प्रभावशाली व्यक्तियों, विभिन्न संस्थाओं के साथ ही जनमानस का भी सहयोग लिया जाएगा।

इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डिप्टी सीएमओ, एसीएमओ, नगर पालिका/नगर पंचायत, पंचायती राज, आईसीडीएस, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग समेत सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी व सहकर्मी, सहायक मलेरिया अधिकारी, मलेरिया निरीक्षक, सहयोगी संस्था डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ, सीफ़ार, एफएचआई के प्रतिनिधि एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Taza Khabar