कानपुर नगर 20 मार्च 26*काकादेव में अवैध गैस रिफिलिंग पकड़ी, कठारा में मिष्ठान दुकान पर घरेलू सिलेंडरों का इस्तेमाल; दो एफआईआर*
कानपुर नगर।घरेलू गैस के अवैध भंडारण और रिफिलिंग के खिलाफ शुक्रवार को प्रशासन ने दो स्थानों पर छापेमारी कर कार्रवाई की। काकादेव में रिपेयरिंग की दुकान पर गैस रिफिलिंग करते हुए सामग्री बरामद हुई, जबकि बिधनू के कठारा स्थित मिष्ठान प्रतिष्ठान पर घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पकड़ा गया। दोनों मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराने की संस्तुति की गई है।
काकादेव के चंदेल चौराहा के पास अजन्ता इलेक्ट्रॉनिक्स एंड रिपेयरिंग सेंटर के बगल में सुबह 09:52 बजे छापेमारी के दौरान 14.2 किग्रा के कुल 8 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें 4 भारत गैस के खाली, 3 इंडेन के खाली और 1 आंशिक भरा सिलेंडर शामिल था। मौके से 3 रिफिलर यंत्र, पेचकस, नुकीली प्लास और इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी मिला, जिससे अवैध गैस भराई की पुष्टि हुई।
मौके पर कलीम अहमद सिद्दीकी निवासी रावतपुर मिले, जबकि दुकान यासीन अहमद के नाम बताई गई। बरामद सिलेंडर व उपकरण कब्जे में लेकर सुपुर्दगी में दिए गए हैं। दोनों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
इसी क्रम में अपराह्न 03:29 बजे बिधनू के ग्राम कठारा स्थित महक स्वीट हाउस में छापेमारी की गई, जहां 14.2 किग्रा के कुल 4 घरेलू गैस सिलेंडर पाए गए। इनमें 2 भरे और 2 खाली थे, जिनमें एक सिलेंडर चूल्हे से जुड़ा हुआ उपयोग में पाया गया। इस मामले में भी आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर की संस्तुति की गई है।
दोनों कार्रवाई पूर्ति निरीक्षक शुभ्रा वर्मा, पूजा सिंह एवं क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण और व्यावसायिक उपयोग प्रतिबंधित है। ऐसे मामलों में लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

More Stories
कानपुर नगर13अगस्त26*’मिशन शक्ति 5.0′ के तहत पनकी पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, ‘
अयोध्या13अगस्त26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर अयोध्या की कुछ महत्वपूर्ण खबरें
लखनऊ13अगस्त26*यूपी में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ी।