अयोध्या14जुलाई26*संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में बनी मचान में लगी आग,65 वर्षीय किसान की मौत
भेलसर(अयोध्या)रूदौली कोतवाली क्षेत्र के रहीमगंज गांव में सोमवार देर रात हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खेत में धान की फसल और ट्यूबवेल इंजन की रखवाली कर रहे 65 वर्षीय किसान कमलेश सैनी की संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में बनी मचान में आग लगने से जिंदा जलकर मौत हो गई। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग की टीम और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों के अनुसार, कमलेश सैनी रोजाना की तरह सोमवार रात भी अपने खेत में धान, भुट्टा की फसल और ट्यूबवेल इंजन की सुरक्षा के लिए मचान पर सोने गए थे। देर रात किसी समय मचान में अचानक आग लग गई। आसपास खेत होने के कारण रात में किसी को इसकी भनक नहीं लगी। मंगलवार सुबह जब कुछ ग्रामीण शौच के लिए खेतों की ओर गए तो उन्होंने मचान से धुआं उठता देखा। पास पहुंचने पर कमलेश सैनी गंभीर रूप से झुलसे मिले। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। आग इतनी भीषण थी कि मचान पूरी तरह जल गई और मृतक का करीब 70 प्रतिशत शरीर झुलस गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक दृष्टि से भी साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य ने बताया कि प्रथमदृष्टया घटनास्थल पर कोई ज्वलनशील पदार्थ नहीं मिला है। हालांकि मौके से लोहबान के कुछ टुकड़े बरामद हुए हैं। आग किन परिस्थितियों में लगी और इसके पीछे कोई अन्य कारण है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और अन्य तथ्यों पर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। मृतक कमलेश सैनी एक साधारण किसान थे और खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में उनका एक पुत्र जगदेव है। जगदेव के पांच बच्चे हैं। परिवार की आजीविका का मुख्य आधार खेती है। बुजुर्ग किसान की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही रुदौली विधायक रामचंद्र यादव भी रहीमगंज पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया।

More Stories
लखीमपुर खीरी14जुलाई26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर लखीमपुर खीरी की कुछ महत्वपूर्ण खबरें
नई दिल्ली14जुलाई26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर शाम की देश राज्यों से बड़ी खबरें*
लखनऊ14जुलाई26*उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग के अनुसार अगले 24–48 घंटों के दौरान मौसम में बदलाव बना रहेगा।